झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा केंद्र में मंगलवार को एमकॉम और एमए की परीक्षा दे रहे चार छात्रों की गाड़ियों की डिग्गी खोलकर बदमाश उनके मोबाइल व पर्स चोरी कर ले गए। इस बात का पता लगने के बाद छात्रों में नाराजगी छा गई। बदमाश ने मास्टर चाबी का प्रयोग कर वारदात को अंजाम दिया। परिसर में गार्ड की भी तैनाती थी। बाद में छात्रों ने मामले की लिखित शिकायत बुंदेलखंड विश्वविद्यालय चौकी पुलिस से की।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा केंद्र में एमकॉम और एमए की परीक्षाएं चल रहीं हैं। मंगलवार की सुबह आठ बजे से ग्यारह बजे की पाली में परीक्षा थी। सुबह 7.30 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के बाद छात्र प्रद्युमभन साहू उर्फ राज पुत्र विजय साहू निवासी इंद्रपुरी कॉलोनी, सचिन कुशवाहा पुत्र भगवत प्रसाद निवासी अंदर सागर गेट, किशन कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी अंबेडकर स्कूल के पास हंसारी और हिमांशु वर्मा पुत्र सुरेश चंद्र वर्मा निवासी विकास नगर राजगढ़ ने अपनी गाड़ियां परीक्षा
केंद्र के परिसर में खड़ी कर दी। जाते- जाते वे अपनी गाड़ियों की डिग्गी में मोबाइल, पर्स, चार्जर रखने के बाद उसे लॉक करके चले गए। ग्यारह बजे परीक्षा खत्म होने के बाद वे सब बाहर आए। यहां जब डिग्गी खोलने पर उसमें मोबाइल आदि सामान नहीं मिला तो वे चौंक कर रह गए। गार्ड से पूछताछ की तो उसने अनभिज्ञता जाहिर की। इससे छात्रों में नाराजगी छा गई। बाद में उक्त छात्रों ने मामले की लिखित जानकारी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय चौकी पुलिस को दी। इसके पूर्व में भी विश्वविद्यालय परिसर में कई चोरी की घटनाएं हो चुकीं हैं। चौकी प्रभारी परमेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रों ने मामले की लिखित शिकायत की है। जांच की जा रही है।