एससी/एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में मुरैना, ग्वालियर और अन्य स्टेशनों पर हुए उपद्रव के कारण बिगड़ी ट्रेनों की चाल दूसरे दिन भी नहीं सुधर सकी। दिल्ली से आने वाली 40 से अधिक ट्रेनें तीन से तेरह घंटे तक की देरी से आईं। ताज एक्सप्रेस और आगरा झांसी पैसेंजर को निरस्त कर दिया गया। इससे यात्री परेशान रहे।
सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे मुरैना और अन्य स्टेशनों पर उपद्रव शुरू होने के कारण शाम सात बजे के बाद ट्रेनों का आना शुरू हो सका था। इसके बाद दिल्ली से आने वाली सभी ट्रेनें तीन से 12 घंटे तक की देरी से झांसी आईं। निजामुद्दीन से झांसी आने वाली ताज एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय दिन के दो बजे की जगह साढ़े बारह घंटे की देरी से रात ढाई बजे झांसी आ सकी। वापस में यह ट्रेन मंगलवार की दोपहर दिल्ली पहुंच सकी। इस कारण रेल प्रशासन को मंगलवार के दिन ताज एक्सप्रेस का संचालन रद करना पड़ा। चूंकि, बुंदेलखंड के यात्रियों के लिए दिल्ली जाने के लिए यह गाड़ी सबसे सुलभ मानी जाती है। मजबूरन यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए दूसरी सवारी गाड़ियों का सहारा लेना पड़ा। इस कारण देरी से चल रही दिल्ली की तरफ जाने वाली पंजाब मेल, झेलम एक्सप्रेस, पठान कोट एक्सप्रेस, सदर्न एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस आदि गाड़ियों के जनरल कोच में पैर रखने की जगह नहीं रही। आगरा-झांसी पैसेंजर को भी निरस्त कर दिया गया। शताब्दी एक्सप्रेस भी मंगलवार को दिल्ली से 40 मिनट देरी से आईं।
ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों का बुरा हाल रहा। वहीं, ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए पूछताछ कार्यालय में यात्रियों का जमघट लगा रहा। तीन घंटे से अधिक देरी से आने वाली ट्रेनों के यात्रियों को दूसरी गाड़ी में जाने के लिए परमिट किया गया।
ये ट्रेनें लेट
18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस छह घंटे, 12650 कर्नाटका संपर्क क्रांति 12 घंटे, 18508 हीराकुंड एक्सप्रेस 12 घंटे, 12618 मंगला एक्सप्रेस 12 घंटे, 19666 उदयपुर खजुराहो एक्सप्रेस 13 घंटे, 12782 स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस 12 घंटे, 12626 केरला एक्सप्रेस 11 घंटे, 18478 उत्कल एक्सप्रेस 11 घंटे लेट रही। 12780 गोवा एक्सप्रेस सात घंटे, 12410 गोंडवाना एक्सप्रेस आठ घंटे, 12156 हबीबगंज एक्सप्रेस सात घंटे, 12622 तमिलनाडु एक्सप्रेस नौ घंटे, 11058 पठानकोट एक्सप्रेस दस घंटे, 12422 अमृतसर नांदेड एक्सप्रेस सात घंटे, 12646 मिलेनियम एक्सप्रेस छह घंटे, 22416 नई दिल्ली विशाखापटनम एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से आईं।
पंद्रह मिनट देरी से रवाना हुई गतिमान एक्सप्रेस
निजामुद्दीन से झांसी के बीच गतिमान एक्सप्रेस का एक अप्रैल से संचालन शुरू हुआ था। सोमवार को यह गाड़ी मुरैना में उपद्रव के चलते आगरा कैंट से ही वापस निजामुद्दीन लौट गई थी। मंगलवार को यह ट्रेन झांसी में अपने निर्धारित समय से दस मिनट की देरी दोपहर 12.45 बजे आई। इस ट्रेन की वापसी के लिए प्लेटफार्म सात निर्धारित किया गया है। मगर, तकनीकी कारणों से इस ट्रेन को प्लेटफार्म एक से रवाना करना पड़ा। इससे ट्रेन 15 मिनट देरी से रवाना हो सकी। वहीं, प्लेटफार्म बदलने से यात्री भी परेशान रहे।