तहसीलकर्मी ने बनवा रखा था अंत्योदय कार्ड, निरस्त
झांसी। जिले में राशन कार्डधारकों के सत्यापन में सरकारी कर्मचारियों की भी पोल खुल रही है। जिले में एक सरकारी कर्मचारी अंत्योदय कार्ड पर सालों से राशन ले रहा था। जांच के बाद कार्ड को निरस्त कर पात्र महिला को जारी किया गया है।
दरअसल, मोंठ तहसील में तैनात एक कर्मचारी द्वारा अंत्योदय कार्ड पर राशन लेने की शिकायत पर टीम मऊरानीपुर स्थित मोहल्ला गांधीगंज पहुंची। यहां जांच के दौरान तहसील कर्मचारी का पक्का और बड़ा मकान बना हुआ था। जांच में सामने आया कि कर्मचारी सालों से हर महीने 35 किलो राशन ले रहा था। जांच के दौरान कर्मचारी ने टीम के सदस्यों को दवाब में लेने का प्रयास भी किया, लेकिन क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मऊरानीपुर महेश गौतम ने कार्ड निरस्त कर दिया गया है। कार्ड को पात्र महिला के नाम जारी किया गया है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने बताया कि राशन कार्ड धारकों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच में सामने आ रहे अपात्रों के कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं।