घर में प्रवेश से पहले परिजनों के हाथ सैनिटाइज करातीं सीपरी बाजार नानक गंज की स्वेता अरोरा। अमर उज
झांसी। कोरोना वायरस से लड़ाई में श्वेता अरोरा घर की पहरेदार बन गई हैं। वह परिवार के सभी सदस्यों के घर से निकलने से पहले मास्क पहनाती हैं। वहीं, वापस लौटने पर सबसे पहले हाथ सैनिटाइज कराती हैं। उनका कहना है कि कोरोना खत्म होने तक वह अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाती रहेंगी।
नानकगंज निवासी श्वेता अरोरा (38) का संयुक्त परिवार है। घर में पति विशाल अरोरा, बच्ची रिहा, सास शशि, चाचा अनुपम अरोरा समेत कई सदस्य रहते हैं। कोरोना वायरस फैलने के बाद से श्वेता इससे निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनका मानना है कि जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती तब तक कोविड से बचाव के लिए मास्क, सैनिटाइजर आदि ही बचाव के रास्ते हैं। श्वेता का कहना है कि वह यह बात परिवार वालों को लगातार समझाती रहती हैं। वह हमेशा यह ध्यान रखती हैं कि घर से निकलने के दौरान परिवार का कोई सदस्य मास्क पहनना तो नहीं भूल गया। जल्दबाजी में यदि कोई मास्क पहनना भूल जाता है तो उसे रोकती हैं। मास्क पहनने के बाद ही घर से निकलने देती हैं। जब परिवार के सदस्य बाहर से घर लौटते हैं तो गेट पर ही हाथ सैनिटाइज कराती हैं। इसके बाद साबुन से हाथ धुलने और बाहर के कपड़े बदलने को कहती हैं। उनका कहना है कि परिवार की सुरक्षा बेहद जरूरी है। इसलिए कोरोना के दौर में घर के कामकाज में यह जिम्मेदारी भी जोड़ ली है।