झांसी। नार्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ की मांग पर रेल प्रशासन ने डीजल शेड के सफाई कर्मचारियों को पदोन्नति देने का निर्णय लिया है।
शनिवार को संघ की बैठक में डीजल शेड शाखा के कार्यकारी अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि शेड में कार्यरत सफाई वालों को आगे मिलने वाली तकनीशियन की पदोन्नति में प्राथमिकता नहीं मिलती थी, जिससे उन्हें भविष्य में पदोन्नति का कोई अवसर नहीं मिल पाता है। वह उसी कैडर में सेवानिवृत्त हो जाते थे। मंडल सचिव बीजी गौतम ने कहा कि संघ इस मांग को लेकर लगातार उठा रहा था।
रेल प्रशासन ने अपने तीन जुलाई को जारी पत्र में सफाई वालों को तकनीशियन तृतीय के पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष रामकुमार सिंह, राजेश गुप्ता, सुभाष चंद्र बोस, राजेंद्र हयारण, जगदीश मीना, बालकिशन कुशवाहा, राजेंद्र परिहार, प्रदीप महाजन आदि उपस्थित थे। अंत में वाणिज्य शाखा के सचिव पवन झारखड़िया ने आभार व्यक्त किया।
सीट को लेकर महिला से भिड़ा फौजी, उतारा
झांसी। केरला एक्सप्रेस में सवार एक फौजी ने जबरन एक महिला यात्री की बर्थ को लेकर विवाद किया। सूचना पर फौजी को झांसी में उतारकर एमसीओ के सुपुर्द कर दिया गया।
शनिवार को नई दिल्ली से त्रिवेंद्रम जाने वाली गाड़ी संख्या 12626 अप केरला एक्सप्रेस के एस-1 कोच की बर्थ संख्या 15 पर एक महिला यात्रा कर रही थी। ग्वालियर स्टेशन से एक फौजी त्रिवेंद्रम तक का वेटिंग ई- टिकट लेकर चढ़ गया। ट्रेन में वेटिंग ई- टिकट पर यात्रा करने की अनुमति नहीं है। इसके बाद भी फौजी उक्त महिला की बर्थ को खुद की सीट बताकर झगड़ा करने लगा। इस बात की जानकारी कोच टीटीई ने झांसी कंट्रोल को दी। ट्रेन के झांसी आने पर आरपीएफ, जीआरपी, टीटीई व एमसीओ स्टाफ मौके पर पहुंच गया। फौजी को ट्रेन से उतारने के बाद पहले उससे ग्यारह सौ रुपये जुर्माना वसूल किया गया। बाद में फौजी एमसीओ स्टाफ के सुपुर्द कर दिया गया।