झांसी। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में इस बार अस्पताल और सिनेमा घरों की भी स्वच्छता रैंकिंग की जाएगी। कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर शहरी विकास मंत्रालय ने स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रारूप में बदलाव किए हैं। कोरोना गाइडलाइन के तहत नियमों के पालन और स्वच्छता की स्थिति को लेकर इनकी ग्रेडिंग की जाएगी। अंकों के आधार पर अस्पताल और सिनेमाघर को अंक दिए जाएंगे।
स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार कोरोना संक्रमण के मद्देनजर कई बदलाव किए गए हैं। अब तक स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम महानगर में सफाई की स्थिति को परखने और लोगों से बातचीत के आधार पर रैंकिंग जारी कर देती थी। इस बार सर्वेक्षण में अस्पताल, सिनेमा हॉल, मॉल, रेस्टोरेंट, होटल और रेजिडेंशियल सोसाइटी को शामिल किया गया है। इसके तहत टीम महानगर के प्रमुख स्थानों का सर्वे करेगी। जहां पर कूड़ा संग्रहण, निस्तारण, आसपास सफाई की व्यवस्था, फेस कवर का प्रयोग, सैनिटाइजेशन की सुविधा, आरोग्य सेतु एप के प्रयोग, सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर व्यवस्था की पड़ताल की जाएगी। जिसकी सरकारी नियमों के मुताबिक मार्किंग की जाएगी। सर्वे के दौरान स्थिति मिलने के आधार पर अंक दिए जाएंगे और स्टार रेटिंग होगी। अपर नगर आयुक्त शादाब असलम ने बताया कि इस बार सर्वेक्षण में कोरोना नियमों के तहत अस्पताल, होटल, शैक्षिक संस्थानों और अन्य स्थानों का सर्वे भी किया जाएगा। इसके बाद ग्रेडिंग और स्टार दिए जाएंगे।