संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। गुरसराय के हबूपुरा क्षेत्र में बुधवार को स्टेट जीएसटी विभाग की एसआईबी टीम ने तीन क्रशर फर्मों पर एक साथ सर्वे कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए, जिनकी जांच शुरू कर दी गई है।
करीब 20 अधिकारियों की टीम ने देर रात तक चली इस कार्रवाई में प्रारंभिक जांच के आधार पर टैक्स चोरी के संकेत मिलने पर मौके पर ही 50 लाख रुपये जमा कराए। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 डी.के. सचान ने बताया कि तीनों क्रशर फर्म एक ही परिवार से संबंधित हैं। जब्त दस्तावेजों की गहन जांच के बाद ही कुल टैक्स चोरी का सही आंकड़ा सामने आएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जल्द ही अन्य फर्मों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
गुम्मा कारोबारियों पर भी नजर
स्टेट जीएसटी विभाग इन दिनों खनन से जुड़े कारोबारियों पर विशेष निगरानी रखे हुए है। क्रशर फर्मों पर कार्रवाई के बाद अब गुम्मा (ईंट) कारोबारियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।