झांसी। विदेश से झांसी लौटे 16 और लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है। 28 दिनों तक विभाग इनके संपर्क में रहेगा। यदि किसी भी व्यक्ति में खांसी, जुकाम और बुखार की जानकारी मिलती है तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी जांच करेगी।
विदेश में पढ़ाई, नौकरी, शोध, घूमने-फिरने गए लोगों के भारत लौटने का सिलसिला लगातार जारी है। एयरपोर्ट पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) की टीम द्वारा इनकी स्क्रीनिंग की जाती है। इसके बाद अलग-अलग राज्यों को इन लोगों की सूचना देकर 28 दिनों तक स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए जाते हैं। हाल ही में विदेशों से झांसी 16 लोग आए हैं। डब्लूएचओ की तरफ से इसकी जानकारी शासन को दी गई है। शासन ने स्वास्थ्य विभाग को इन लोगों के नाम, पता, मोबाइल नंबर आदि की जानकारी दे दी है। स्वास्थ्य विभाग अब चार सप्ताह तक इन लोगों की स्क्रीनिंग करेगा। यदि किसी में भी खांसी, जुकाम और बुखार के लक्षण मिलते हैं तो तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम उनका स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।
पहले भी लौट चुके 23 लोग
इससे पहले भी पिछले दिनों चीन, वियतनाम, रूस, अमेरिका, इटली आदि देशों से झांसी 23 लोग लौटे चुके हैं। चार सप्ताह तक इन सभी लोगों की स्क्रीनिंग की गई। गनीमत रही कि किसी भी व्यक्ति में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले।