हवाई अड्डे के विस्तार के लिए सर्वे करती सिंचाई विभाग की टीम।
झांसी। हवाई पट्टी के विस्तार के लिए इसके पास से निकली नहर को एक किलोमीटर आगे से ले जाया जाएगा। रविवार को सिंचाई विभाग की टीम ने नहर के इर्दगिर्द के इलाके का सर्वे कर डाटा एकत्र किए। टीम सोमवार को जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपेगी।
ग्वालियर मार्ग स्थित सेना की हवाई पट्टी का विस्तार कर हवाई अड्डा बनाने की योजना है। इसके लिए हवाई अड्डे के पास से गुजरी नहर, फोरलेन व निजी भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इस दिशा में तेजी से काम जारी है। रविवार को सिंचाई निर्माण खंड पंचम की टीम ने सहायक अभियंता सौरभ वर्मा के निर्देशन में मौके पर नापजोख की। नापजोख की शुरुआत नहर से शुरू हुई और ये सिमरधा गांव के आगे तक पहुंची।
सहायक अभियंता ने बताया कि ये नहर बल्लमपुर से शुरू होकर गढ़मऊ तक जाती है। 25.150 किलोमीटर लंबी ये नहर ग्वालियर मार्ग को क्रास करती हुई निकलती है। यहीं से इसे डायवर्ट किया जाना है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नहर को एक से डेढ़ किलोमीटर तक आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि, इसके एकदम सटीक आंकड़े सोमवार को सामने आएंगे। साथ ही एस्टीमेट भी तैयार कर लिया जाएगा।
एनएचएआई भी तैयार करेगी रिपोर्ट
हवाई पट्टी के विस्तार के लिए नहर से के पास की फोरलेन की जमीन का भी अधिग्रहण किया जाना है। इस जमीन के हवाई पट्टी में चले जाने पर एनएचएआई को नए सिरे कानपुर और शिवपुरी मार्ग को जोड़ने वाली सड़क का प्लान तैयार करना होगा। इसके लिए अलग से जमीन अधिग्रहित करनी होगी। इसका पूरा प्लान तैयार कर एनएचएआई एक-दो दिन में जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपेगा।