झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की मॉड्यूलर ओटी में रुटीन सर्जरी शुरू हो गई है। मरीजों की ज्यादा तादाद होने की वजह से ऑर्थोपेडिक और सर्जरी विभाग को दो-दो ऑपरेशन थिएटर दिए गए हैं। ओटी शुरू होने से मरीजों को काफी राहत मिली है।
कोरोना के चलते अभी तक रुटीन सर्जरी को बंद कर दिय गया था। सिर्फ इमरजेंसी ऑपरेशन ही किए जा रहे थे। अब कोरोना की रफ्तार बिल्कुल धीमी पड़ चुकी है। इस कारण मेडिकल कॉलेज में मॉड्यूलर ओटी शुरू हो गई है। मॉड्यूलर ओटी इंचार्ज डॉ. पारस गुप्ता ने बताया कि सप्ताह में पांच दिन सामान्य सर्जरी, तीन दिन हड्डी रोग, दो दिन गायनी, दो दिन नाक, कान और गला, एक-एक दिन प्लास्टिक सर्जरी और न्यूरो सर्जरी की ओटी होगी। म्यूकोर माइकोसिस यानी ब्लैक फंगस की प्रतिदिन ओटी होगी। हालांकि, इन दिनों म्यूकोर माइकोसिस के केस बिल्कुल थम गए हैं। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह के लिए अभी छह ओटी चालू की गई हैं। आगे चलकर सभी आठ मॉड्यूलर ओटी शुरू की जा सकती हैं।
ऑर्थो, सर्जरी को मिले दो-दो ऑपरेशन थिएटर
ऑर्थोपेडिक और सर्जरी में ओटी के केस बहुत अधिक होने की वजह से यहां पर मॉड्यूलर ओटी के अंदर दो-दो टेबल डालकर ऑपरेशन किया जाता था। इससे संक्रमण फैलने का डर रहता था। अमर उजाला भी यह मुद्दा लगातार उठाता रहा। इसके बाद एक ही ओटी टेबल डलवा दी गई। वहीं, अब इन दोनों विभागों के लिए दो-दो ऑपरेशन थिएटर आवंटित कर दिए गए हैं। इससे समस्या हल हो गई है।