झांसी। जिले में 15 मई से होने वाले चावल वितरण में पूर्ति विभाग को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। हालात यह है कि अब तक जिले की सभी राशन दुकानों तक चावल नहीं पहुंच सका है। डगरवाहा स्थित गोदाम से उठान की प्रगति धीमी होने से वितरण के दौरान दिक्कत हो सकती है। इसे लेकर विपणन विभाग के अधिकारी जुटे हुए हैं।
जिले की 794 राशन दुकानों पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रति यूनिट पांच किलो मुफ्त चावल का वितरण होना है। लेकिन डगरवाहा स्थित गोदाम से चावल उठाने में दिक्कत हो रही है। विपणन विभाग को जहां रोज आठ से नौ हजार क्विंटल चावल का रोज उठान करना है, लेकिन मौजूदा वक्त में महज दो क्विंटल ही चावल का उठान हो रहा है। बताया जाता है कि गोदाम पर मजदूरों की कमी के चलते उठान में देरी हो रही है। साथ ही गोदाम के कर्मचारी शाम पांच बजे के बाद काम करने से मना कर देते हैं। पिछले दिनों विपणन विभाग ने एफसीआई को पत्र लिखकर उठान तेज कराने के लिए कहा था, लेकिन कोई गौर नहीं किया गया। अब तक महज 75फीसद उठान हो सका है। दो दिन में 25 फीसद चावल का उठान पूरा कराना विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है। डिप्टी आरएमओ अनूप सिंह ने बताया कि चावल के उठान का काम चल रहा है। उम्मीद है कि दो दिन में उठान का काम पूरा कर लिया जाएगा।