महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी कोर्स शुरू हो सकते हैं। इसका प्रस्ताव मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शासन को भेजा है। वहां से स्वीकृति मिली तो प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएसएसवाई) के तहत खुलने वाले सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में यह कोर्स संचालित होंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होने के साथ ही मरीजों को लाभ पहुंचेगा।
गौरतलब है कि पीएसएसवाई योजना के अंतर्गत झांसी समेत एसजीपीजीआई, आगरा, मेरठ, गोरखपुर समेत कई शहरों में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार ने 120 करोड़ और राज्य सरकार ने 30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। झांसी मेडिकल कॉलेज में बनने वाले ब्लॉक में नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, कार्डियोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी का अलग से वार्ड बनना है। ब्लॉक का डिजाइन भी तैयार हो गया है। हर विभाग के वार्ड में 60 मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड उपलब्ध होंगे। एमसीआई के मानक के अनुसार संसाधन उपलब्ध होंगे। ब्लॉक की उपयोगिता बढ़ाने और मरीजों को लाभ पहुंचाने के लिए मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने शासन को सुपर स्पेशियलिटी कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव भेज दिया है। प्राचार्य ने बताया कि उन्होंने यहां पर नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, कार्डियोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी के कोर्स शुरू करने की मांग की है।