महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में बन रहे सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का डिजाइन तैयार हो गया है। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएसएसवाई) के तहत बनने वाले ब्लॉक में अलग से छह विभाग स्थापित होंगे।
गौरतलब है कि पीएसएसवाई योजना के अंतर्गत झांसी समेत एसजीपीजीआई, आगरा, मेरठ, गोरखपुर समेत कई शहरों में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार ने 120 करोड़ और राज्य सरकार ने 30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। झांसी मेडिकल कॉलेज में बनने वाले ब्लॉक में नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, कार्डियोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी का अलग से वार्ड बनना है। ब्लॉक का डिजाइन तैयार कर लिया गया है। यह ब्लॉक पांच मंजिला होगा। यहां पर विभिन्न प्रकार की सर्जरी समेत गंभीर बीमारियों का इलाज होगा। सभी विभागों में अलग से वार्ड और कक्ष बनेंगे। हर विभाग के वार्ड में 60 मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड उपलब्ध होंगे। इसके अलावा डॉक्टर समेत स्टाफ की भर्ती होगी। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के मानकों के अनुसार जरूरी संसाधन विभागों में उपलब्ध होंगे।
यह बड़ी सुविधाएं मिलेंगी
- नेफ्रोलॉजी विभाग में शुरू होगा किडनी रिप्लेसमेंट
- झुलसे मरीजों की हो सकेगी प्लास्टिक सर्जरी
- कार्डिक सर्जरी शुरू होने से शहर में मिलेगा इलाज
सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण सितंबर 2017 तक होना है। अब डिजाइन तैयार हो गया है। तय समयसीमा में निर्माण पूरा करा लिया जाएगा।
- डॉ. एनएस सेंगर, प्राचार्य