झांसी में जेल में बंदियों की रविवार की मुलाकात बंद कर दी गई है। अब रविवार के बजाय मुलाकात शनिवार को की जा सकेगी। शासन ने 128 साल पुराने जेल मैनुअल में बदलाव कर दिया है। अब तक जेल मैनुअल 1894 में बंदियों से शनिवार को मुलाकात की व्यवस्था नहीं थी। अब शनिवार को बंदियों से मुलाकात की जा सकेगी, जबकि रविवार को मुलाकात बंद रहेगी। शासनादेश मिलते ही झांसी जेल प्रशासन की ओर से नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।
बता दें कि जेल में निरुद्ध बंदी सप्ताह में तीन बार ही मुलाकात कर सकता है। एक बार में अधिकतम तीन लोगों को मुलाकात की इजाजत दी जाती है। सुबह सात से नौ तथा नौ से ग्यारह बजे तक दो शिफ्टों में पर्ची बनाई जाती है। 11 बजे से मुलाकात शुरू हो जाती है। मुलाकात के लिए 25-30 मिनट का समय दिया जाता है।
अब सालभर मिलेगी चाय
झांसी जेल में निरुद्ध बंदियों को रोज सुबह चाय उपलब्ध कराई जाती है। जबकि, सर्दियों के दो महीनों में शाम को चाय दी जाती थी। लेकिन, अब इसमें भी बदलाव कर दिया गया है। सुबह के साथ-साथ बंदियों को शाम को भी सालभर चाय दी जाएगी।
जेल मैनुअल में हुए बदलाव के तहत रविवार की मुलाकात बंद कर दी गई है। अब नई व्यवस्था के तहत शनिवार को मुलाकात होगी। इसके अलावा अब बंदियों को साल भर शाम को भी चाय दी जाएगी। - आरबी पटेल, वरिष्ठ जेल अधीक्षक