झांसी। गर्मियां शुरू होते ही बिजली की आपूर्ति बेपटरी होने लगी है। रखरखाव का काम होने के कारण लोगों को सोमवार को भी कटौती के संकट से जूझना होगा।
सोमवार को हंसारी ट्रांसमिशन सब स्टेशन पर रखरखाव कार्य के चलते बिजली आपूर्ति सुबह सात से ग्यारह बजे तक बधित रहेगी। इस कारण नौ सब स्टेशन जिसमें रानी महल, जेल चौराहा, मुन्ना लाल पावर हाउस, सीपरी बाजार, नंदनपुरा, प्रेमनगर, पुलिया नंबर नौ गल्ला मंडी, हंसारी, बिजौली सब स्टेशनों से जुड़े इलाकों का करंट गुल रहेगा। अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन विनोद जायसवाल ने बताया कि सब स्टेशन पर उपकरणों की जांच की जाएगी क्योंकि गर्मियां शुरू होते ही उपकरणों पर लोड बढ़ने लगा है। बढ़ती गर्मी के साथ लोड और बढ़ेगा। इसलिए किसी भी प्रकार से कोई समस्या न आए इसलिए रखरखाव का कार्य शुरू करा दिया गया है।
बता दें कि, रविवार को सीपरी बाजार सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्रों (रायगंज, मसीहागंज, आईटीआई, सिमरधा बंधा, आईटीआई और आसपास क्षेत्र) की बिजली बंद रही। इसकारण लोगों को संकट का सामना करना पड़ा। जबकि, विभाग चाहता तो गर्मियां शुरू होने के पहले ही रखरखाव का कार्य शुरू कर अब होने वाली समस्याओं से बच सकता था। लेकिन, विभागीय अधिकारियों ने ऐसा नहीं किया।
बढ़ गईं फाल्ट की शिकायत
गर्मियां शुरू होने के साथ ही फॉल्ट की शिकायत बढ़ गईं हैं। हर साल विभाग दावा करता है कि गर्मियों में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं होगी। लेकिन, हर बार बिजली विभाग के दावे झूठे साबित होते हैं।