आत्महत्या की धमकी पर चिकित्सकों में हड़कंप
झांसी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन में बृहस्पतिवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक जूनियर चिकित्सक ने अपने सीनियर से मोबाइल पर आत्महत्या करने की बात कही। हालांकि चिकित्सक का यह ड्रामा निकला। उसके परिजनों को बुलाकर सच्चाई बताई गई।
बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज में ईएनटी विभाग के एक प्रथम वर्ष के छात्र (जूनियर चिकित्सक) ने अपने सीनियर चिकित्सक (तृतीय वर्ष के छात्र) को मोबाइल पर बताया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। यह कहकर फोन काट दिया। इस बात से चिकित्सकों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में चिकित्सक व प्रशासन के अधिकारी हॉस्टल पहुंच गए। उस वक्त जूनियर चिकित्सक जमीन पर बैठा था। उसने एक फंदा भी बना रखा था। पूछताछ करने पर चिकित्सक कुछ नहीं बोला। बाद में चिकित्सक को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। साथ ही सूचना देकर परिजनों को बुला लिया गया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि चिकित्सक को जिस काम में लगाया गया है वहां काम की अधिकता से वह बचना चाहते हैं। इसलिए दबाव बनाने के लिए यह तानाबाना बुना गया। परिजनों को चिकित्सक की इस हरकत के बारे में बता दिया गया है।