झांसी/बबीना। सीपरी बाजार के कोट बेहटा व बबीना के पुराने कैंट में दो युवतियों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के कोट बेहटा निवासी माखन सिंह यादव के दो बेटियां व एक बेटा है। बड़ी बेटी व बेटे की शादी हो चुकी है। बृहस्पतिवार की सुबह छोटी पुत्री सुलेखा (18) घर में अकेली थी, तभी उसने एक कमरे में लगे कुंडे में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो उनमें कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर भाई शिवम ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के दो युवक उसकी बहन को परेशान कर रहे थे। वे चाहते थे उनकी बहन उनसे फोन पर बातचीत करे। बीती शाम युवकों ने उसे धमकाया अगर तुमने बातचीत नहीं की तो वे उसके भाई के साथ मारपीट करेंगे। इस बात को लेकर वह भयभीत थी। शाम को यह बात उसने परिजनों को बताई थी। शुक्रवार को दोनों युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर देंगे।
इसी तरह बबीना के पुराने कैंट में रहने वाले छावनी परिषद विभाग के कर्मचारी माखन सिंह ड्यूटी पर गए थे, उनकी पत्नी बाजार गईं थीं। इसी बीच उनकी बेटी पूनम ने दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। परिजन जब घर वापस लौटे, तब उनको हादसे का पता लग सका। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी हरिश्याम सिंह ने बताया कि पूनम की परिजनों से मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात को लेकर उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया।
जहर खाने वाले युवक की मौत
झांसी। टहरौली थाना क्षेत्र के खिल्लावाड़ी निवासी मदन के पुत्र हरिओम (22) ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।