झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम स्थित छात्रावास के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच प्रशिक्षित करेंगे। इसके लिए खेल विभाग द्वारा तकरीबन डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह मानदेय पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया को शुरू किया गया है।
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद दुनिया भर में झांसी का नाम रोशन कर चुके हैं। इधर यहां खिलाड़ियों द्वारा वर्षों से छात्रावास की मांग की जा रही थी। मांग पर अमल करते हुए सरकार द्वारा मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 27 खिलाड़ियों का बालक छात्रावास स्थानांतरित किया गया है। छात्रावास में प्रवेश के लिए स्टेडियम में चयन प्रक्रिया भी चल रही है। चयन के आधार पर खिलाड़ियाें को छात्रावास में प्रवेश दिया जाएगा। छात्रावास के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार छात्रावास के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रशिक्षण देंगे। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
भर्ती में पद्मश्री, खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार, ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों के साथ ही ओलंपिक, विश्वकप एवं कॉमनवेल्थ गेम्स में सम्मिलित खिलाड़ियों को वरीयता दी जाएगी।