झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने कैंपस और कॉलेजों में रिक्त सीटों पर छात्र-छात्राओं को 31 अगस्त तक प्रवेश लेने का मौका दिया है। 16 अगस्त से कॉलेजों की लॉगिन आईडी पर बीयू मेरिट सूची भेजने लगेगा।
बीयू कैंपस और कॉलेजों में प्रवेश परीक्षा के जरिए संचालित कोर्सों एमएससी केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलोजी, फिजिक्स, मैथमेटिक्स, फॉरेंसिक साइंस, फूड टेक्नोलॉजी, एमबीए, एलएलएम, एमएससी एग्रीकल्चर साइंस, एमएड, डी फार्मा, एमफार्मा, बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चरल साइंस, बीकॉम ऑनर्स, बीबीए, बीपीटी और बीएलएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा हुई थी। सीट आवंटित के बाद दो से छह अगस्त तक प्रवेश कंफर्म करना था। 10 अगस्त तक पूरा वार्षिक शुल्क जमा करना था। अब बीयू 16 अगस्त से कॉलेजों की लॉगिन आईडी पर कोर्स की मेरिट और प्रवेश परीक्षा में अनुपस्थित छात्रों की सूची भेजेगा। कॉलेज में रिक्त सीटों के सापेक्ष अभ्यर्थी आवंटन के लिए 31 अगस्त तक ऑनलाइन प्रवेश कंफर्म करा सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी को अपने साथ पंजीकरण आईडी और पासवर्ड ले जाना अनिवार्य होगा। कॉलेजों के प्राचार्य मेरिट के आधार पर प्रवेश लेंगे। इसके बाद भी यदि एमएससी केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलोजी, फिजिक्स, मैथमेटिक्स, फॉरेंसिक साइंस, फूड टेक्नोलॉजी, एमएड, एमफार्मा के कोर्सों में सीटें रिक्त रह जाती है तो छात्र बीयू और कॉलेजों में मेरिट के आधार पर 31 अगस्त तक प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी को बीयू की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर जाकर 16 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।