बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के समता गर्ल्स हॉस्टल में बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन की छात्रा सृष्टि ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
गोरखपुर की रहने वाली छात्रा की बुधवार रात 11:30 बजे अपने परिजनों से फोन पर बात हुई थी। आज सुबह परिजनों ने उसे कई बार फोन किया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद हॉस्टल वार्डन को परिजनों ने इसकी सूचना दी।
वार्डन ने काफी देर तक गेट खटखटाया मगर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सुरक्षा गार्ड को सूचना दी गई। गार्ड ने खिड़की खोलकर देखा तो छात्रा का शव फंदे से लटक रहा था। बीयू प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई है।
बताया गया कि इन दिनों विश्वविद्यालय में परीक्षा चल रही है। ऐसे में छात्रा के साथ हॉस्टल के कमरे में रहने वाली साथी दूसरी सहेली के कमरे में पढ़ने के लिए चली गई थी।