नवाबाद थाना क्षेत्र के इलाहाबाद बैंक चौराहे के पास खोली गई देसी शराब की नई दुकान के विरोध में मंगलवार को आसपास की महिलाएं उतर आईं। उन्होंने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। इससे वहां तकरीबन एक घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। फिलहाल दुकान बंद कर दी गई है। अब इस दुकान का फैसला बाद में होगा।
इलाहाबाद बैंक चौराहा से सदर बाजार जाने वाली रोड पर चौराहे से लगभग सौ कदम की दूरी पर एक हाते से सटकर मंगलवार को देसी शराब की दुकान खोली गई। इसकी जानकारी होते ही क्षेत्र की महिलाएं विरोध में इकट्ठा हो गईं। उन्होंने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। महिलाएं दुकान के भीतर रखीं देसी शराब के क्वार्टरों की पेटियों को बाहर निकालकर फेंक दिया। दुकान के बाहर लगा साइन बोर्ड तोड़ दिया। गुस्साई महिलाओं ने दुकान पर पथराव भी किया। हंगामा होते देख वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची नवाबाद थाने की पुलिस ने किसी तरह महिलाओं को समझाकर शांत किया। महिलाओं का कहना था कि आसपास रिहायशी बस्ती है और कई कोचिंग भी हैं, जिससे दिन भर क्षेत्र में छात्र - छात्राओं का आवागमन लगा रहता है। शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दुकान किसी भी दशा में नहीं खुलने दी जाएगी।
आबकारी इंस्पेक्टर संदीप त्रिपाठी ने बताया कि यह दुकान इलाहाबाद बैंक चौराहा के नाम से आवंटित है। लिहाजा, इसे चौराहे के इर्दगिर्द ही खोला जाना है। पिछले साल यह दुकान चौराहे से बैंक की ओर जाने वाली रोड पर थी। इस बार जगह न मिलने की वजह से ठेकेदार ने नई जगह पर दुकान खोली। उन्होंने कहा कि विरोध के चलते फिलहाल दुकान बंद कर दी गई है।