कॉमन इंट्रो: हिट एंड रन कानून में हुए संशोधन के विरोध में ट्रक और बस चालकों की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। मंगलवार को भी ट्रकों और बसों के पहिये थमे रहे। हड़ताल के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। इस दौरान पेट्रोल और डीजल की किल्लत होने से हाहाकार मच गया। सुबह से ही पेट्रोल डलवाने के लिए लोग पेट्रोल पंप पर पहुंचे। पेट्रोल पंप पर वाहनों की कतार लगी रही। अत्यधिक मांग बढ़ने के चलते महानगर के तीन पेट्रोल पंप सूख गए। यहां दो घंटे आपूर्ति प्रभावित रही। टैंकर पहुंचने के बाद आपूर्ति शुरू की गई। वहीं मंडी में सब्जियों की आवक 75 फीसदी तक घट गई। वहीं बसों का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
-
पहली खबर
पेट्रोल पंप पर रही भीड़, लगानी पड़ी पुलिस
झांसी। हड़ताल के चलते पेट्रोल की किल्लत होने को लेकर मंगलवार को महानगर के पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ रही। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस लगानी पड़ी। आलम यह रहा कि अधिकांश वाहन चालकों ने हड़ताल बढ़ने की संभावना को लेकर टंकी फुल कराई। कुछ लोग तो कट्टिया लेकर पहुंचे। शहर के खंडेराव गेट स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर भीड़ उमड़ने के चलते दोपहर एक बजे पेट्रोल खत्म हो गया। इस दौरान बिक्री बंद कर दी गई। दोपहर तीन बजे कानपुर से टैंकर पहुंचने पर यहां बिक्री शुरू की गई। यहां पर पेट्रोल खत्म होने की बात कहने पर दो युवकों ने एक कर्मचारी से मारपीट कर दी। पुलिस ने माैके पर पहुंचकर पड़ताल की। इसके बाद दोपहर में सदर बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म हो गया। यहां से वाहन चालक मायूस लौटे। शाम को यहां टैंकर पहुंचा। सीपरी बाजार स्थित अंबर फिलिंग स्टेशन पर शाम पांच बजे पेट्रोल खत्म हो गया। इसके चलते बिक्री बंद कर दी गई। देर शाम टैंकर पहुंचने पर आपूर्ति शुरू की गई। बबीना, मऊरानीपुर, चिरगांव, रानीपुर, गुरसराय में भी पेट्रोल पंपों पर भीड़ रही। वहीं रसोई गैस की भी किल्लत रही।
-
फोटो
दोगुने हुए टमाटर, प्याज और मटर के दाम
झांसी। हड़ताल के चलते झांसी में सब्जियों की आवक 75 फीसदी तक घट गई। सोमवार को 20 रुपये किलो बिक रहे टमाटर, प्याज और मटर मंगलवार को 40 रुपये किलो तक बिके। झांसी में टमाटर शिवपुरी, मटर जबलपुर, लहसुन छत्तीसगढ़, प्याज इंदौर और नासिक, आलू इटावा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी और ग्वालियर से आता है। ट्रक चालकों की हड़ताल के चलते मंगलवार को झांसी की मंडी में महज 250 क्विंटल सब्जी आई। जबकि रोज एक हजार क्विंटल सब्जी यहां आती है। वहीं, सब्जी मंडी में सामान्य दिनों की तुलना में सब्जी खरीदने वालों की ज्यादा भीड़ रही। इसके अलावा झांसी से मूंगफली गुजरात, सरसों बंगाल, उड़द कानपुर और गेहूं मुंबई जाता है। ट्रकों के पहिये थमे होने से ये भी नहीं जा पाए।
-
फोटो
400 निजी बसों का नहीं हुआ संचालन, आज से चलेंगीं
झांसी। झांसी में दूसरे दिन भी 400 निजी बसें खड़ी रहीं। प्राइवेट बसें न चलने से झांसी से गुरसराय, गरौठा, टीकमगढ़, छतरपुर, जतारा, नौगांव, बबीना समेत ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जाने वाले यात्री परेशान रहे। उन्होंने मजबूरन डग्गामार वाहनों का सहारा लिया। देर रात हड़ताल खत्म होने का ऐलान होने के बाद बस स्वामियों ने चालकों से संपर्क किया। बस यूनियन के अध्यक्ष अनूप यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर से बसों का संचालन शुरू होगा। वहीं मंगलवार को रोडवेज ने 32 बसों का संचालन किया। जिससे यात्रियों को राहत मिली। रोडवेज के एसएम संतोष कुमार के मुताबिक रोडवेज ने पहले दिन नौ बसें और दूसरे दिन 32 बसों का संचालन कराया है।
फोटो
झांसी-कानपुर हाईवे पर ट्रक चालकों ने लगाया जाम
झांसी। मंगलवार को भी ट्रक चालकों ने झांसी-कानपुर हाईवे पर गाड़ियाें को आड़ा-तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया। ट्रक चालकों ने सरकार पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सड़क पर आधा घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। ट्रक चालकों ने कहा कि हिट एंड रन कानून में शामिल किए गए कड़े प्रावधानों को वापस लिया जाना चाहिए।
फोटो..
50 फीसदी चालकों ने नहीं चलाईं एंबुलेंस
झांसी। ट्रक चालकों की हड़ताल के बाद मंगलवार को लगभग 50 फीसदी निजी एंबुलेंस चालक भी घर बैठ गए। कई संचालकों को खुद एंबुलेंस चलानी पड़ी। ऐसे में मेडिकल कॉलेज गेट नंबर तीन के पास स्थित पार्किंग में ज्यादातर निजी एंबुलेंस खड़ी रहीं। झांसी में करीब पौने दो सौ निजी एंबुलेंस हैं। जबकि, दो सौ से अधिक चालक हैं। एंबुलेंस संचालक अमित परिहार ने बताया कि मंगलवार को करीब 80 चालक ही एंबुलेंस चलाने के लिए आए। लगभग सवा सौ चालक घर बैठ गए। ऑल इंडिया एंबुलेंस एसोसिएशन के मंडल मंत्री संजू दुबे का कहना है कि ज्यादातर एंबुलेंस चालक छुट्टी पर चले गए हैं। ऐसे में मरीजों को लाने-ले जाने के लिए खुद ही एंबुलेंस चलानी पड़ रही है।
अफसरों ने यूनियनों से की बात
झांसी। मंगलवार को बस यूनियन कार्यालय में बस, ट्रक, टेंपो, टैक्सी के यूनियनों के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अफसरों के बीच वार्ता हुई। अफसरों ने यूनियन के पदाधिकारियों को हिट एंड रन कानून के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर आरटीओ प्रभात पांडेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व वरुण पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट विधेश, सीओ सिटी राजेश राय, पीटीओ सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, बस ऑपरेटर के अध्यक्ष अनूप यादव, महासचिव मोहम्मद जावेद, ट्रक यूनियन के अध्यक्ष गुरदीप सिंह चावला मौजूद रहे।
-
ट्रेनों में बढ़े यात्री
हड़ताल की वजह से बसें न चलने पर यात्री ट्रेनों का सहारा ले रहे हैं। ट्रेनों में ललितपुर, बांदा व उरई के यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। सामान्य दिनों के मुकाबले इन स्टेशनों के लगभग तीन हजार टिकट ज्यादा बिके। हालांकि, घना कोहरा छाया होने की वजह से ट्रेनें घंटों की देरी से चल रहीं हैं। ऐसे में यात्री स्टेशन पर बैठकर घंटों अपनी ट्रेन के आने का इंतजार करते रहे। ब्यूरो
-
इसलिए बढ़ी पेट्रोल-डीजल की किल्लत
पेट्रोल डीजल की किल्लत होने की वजह पंप संचालकों की ऑर्डर देने में लेटलतीफी भी रही। दरअसल, पंप संचालकाें को उम्मीद थी कि एक जनवरी को पेट्रोल के दाम कम हो जाएंगे। इसलिए अधिकांश पंप संचालकों ने टैंकर के ऑर्डर नहीं लगाए। वहीं एक जनवरी को सोमवार होने से अधिकांश प्लांट बंद थे। मंगलवार को जब मांग बढ़ी तो पेट्रोल पंप पर मौजूद स्टॉक खत्म हो गया। इसलिए पंपों पर अफरातफरी रही। वहीं टैंकर चालकों ने भी हड़ताली ट्रक चालकों के अभद्रता करने की खबर सुनकर टैंकरों का संचालन नहीं किया।
-
लोग परेशान न हों, पर्याप्त है स्टॉक
झांसी में पेट्रोल-डीजल के टैंकर लगातार आ रहे हैं। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। मंगलवार को मांग बढ़ने से कुछ जगह पेट्रोल की आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन टैंकर पहुंचने के बाद वहां भी आपूर्ति शुरू कर दी गई। - राजीव बब्बर, अध्यक्ष, डि्रस्टिक पेट्रोल पंप एसोसिएशन
झांसी में पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में है। लगातार डिपो से टैंकर आ रहे हैं। हर पेट्रोल पंप के पास अच्छा खासा स्टॉक है। लोग परेशान न हों। - राहुल रिछारिया, उपाध्यक्ष, झांसी पेट्रोल पंप एसोसिएशन
-
वर्जन..
सब्जी और खाद्यान्न मिलाकर प्रतिदिन मंडी शुल्क से औसतन आय चार लाख होती थी। अब एक लाख रोजाना आय हो रही है। दूसरे राज्यों, शहर से औसतन एक हजार क्विंटल रोज सब्जी आती थी। अब 250 क्विंटल आ रही है। - बबलू लाल, मंडी सचिव।