झांसी। मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव ने कहा कि पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया जाए। अधिकारी संवेदनशील रहते हुए काम करें, जिससे जनता को लाभ मिल सके। उन्होंने पीसीएफ की कार्य प्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की।
आयुक्त सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि पीसीएफ की शिथिल कार्यप्रणाली से गेहूं खरीद की प्रगति मंडल में संतोषजनक नहीं है, इसलिए कार्य में सुधार लाकर लक्ष्य के सापेक्ष खरीद शत-प्रतिशत पूर्ण करें। साथ ही मंडल में गो-आश्रय स्थल व गोवंश विहार के कार्यों में तेजी लाएं ताकि निराश्रित जानवरों को आश्रय स्थल पर रखा जा सके। दूसरी ओर नाले एवं नाली की सफाई करने के निर्देश दिए ताकि जलभराव की स्थिति न हो।
उन्होंने पॉलिथीन उत्पादकों/होलसेलर व्यवसायी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा विशेष अभियान चलाकर चेकिंग करने के निर्देश दिए। जल निगम द्वारा कोछाभांवर में स्टैंड पोस्ट बनाकर पेयजलापूर्ति के माडल को अन्य नगर निकाय में भी क्रियान्वित करने को कहा। साथ ही नगर निकायों एवं नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति फुटपाथ पर सोता न पाया जाए। चौराहों पर भिक्षा वृत्ति की प्रवृत्ति पर रोकथाम की जाए। दूसरी ओर मंडलायुक्त ने शौचालय निर्माण एवं आवास निर्माण का टीम गठित कर सत्यापन कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण, सौभाग्य योजना, निराश्रित विधवा तथा दिव्यांगजन पेंशन सहित शासन द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। इन योजनाओं का भौतिक सत्यापन किये जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, वनरक्षक एके सिंह, अपर आयुक्त त्रिभुवन विश्वकर्मा, जेडीसी आरबी भास्कर, आरएफसी नरेंद्र कुमार मौजूद रहे।