अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। उड़ीसा से झांसी के रास्ते गांजे की तस्करी कर रहे तीन बदमाश एसटीएफ के हत्थे चढ़ गए। 526 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 1.31 करोड़ रुपये आंकी गई है। एसटीएफ ने लिखा-पढ़ी के बाद तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
एसटीएफ को गांजे से भरे ट्रक के झांसी-ललितपुर हाईवे से गुजरने की सूचना मिली थी। एसटीएफ ने यहां जाल बिछा दिया। बुधवार शाम एक डीसीएम को बबीना स्थित महिमा ढाबे के पास रोका गया। पुलिस ने जब तलाशी ली तो तिरपाल में बीड़ी के बंडल में छिपाकर कुल 526 किलो गांजा रखा था। एसटीएफ ने ओरैया निवासी शादाब मंसूरी समेत उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वे लोग उड़ीसा से गांजा लेकर दूसरे राज्यों में इसे पहुंचाते हैं। कुछ गांजे की खपत झांसी में भी होती है। इस वजह से वह लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल करते थे। पहले भी कई दफा इस रास्ते से गांजा लेकर जा चुके हैं। अब एसटीएफ इनके स्थानीय नेटवर्क की तलाश में जुटी है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
इनसेट
इसी रास्ते पर पहले भी पकड़ा जा चुका गांजा -
- 18 जुलाई 2022 को एसटीएफ और एनसीबी की संयुक्त टीम ने छापा मारकर बबीना टोल प्लाजा के पास गैस टैंकर के अंदर से 25 क्विंटल गांजा बरामद किया था। उस दौरान बाजार में इसकी कीमत करीब आठ करोड़ रुपये कीमत आंकी गई थी।
- 17 जून 2024 को भी एसटीएफ एवं बबीना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झांसी-ललितपुर हाईवे पर रसोई के पास से कार से 127 किलो गांजा पकड़ा था।