झांसी। 2017 से अब तक हुई अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ियों के नाम पर अब मार्ग (सड़क) के नाम रखे जाएंगे। खेल निदेशालय ने ऐसे खिलाड़ियों के नाम सहित उनकी पूरी जानकारी मांगी है।
उत्तर प्रदेश में कई ऐसे खिलाड़ी है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा का डंका कई प्रतियोगिताओं में दिखाया है। इन खिलाड़ियों को रोजगार के साथ ही सम्मान भी प्राप्त हो, इसके लिए शासन कई योजनाएं बना रहा है। इसी क्रम में गोल्ड मेडल प्राप्त खिलाड़ी के नाम पर अब उनके निवास स्थल से संबंधित मार्ग को जाना जाए। ताकि संबंधित क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान हो और नई पीढ़ी भी उनके खेल कौशल से प्रेरित हो सके। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने बताया कि झांसी के वह सभी खिलाड़ी जिन्होंने वर्ष 2017 से अब तक विभिन्न खेलों में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। संपूर्ण विवरण खेल कार्यालय को 23 सितंबर तक उपलब्ध करा दें। अपने - अपने खेल योग्यता के प्रमाण पत्र की छाया प्रति कार्यालय को उपलब्ध कराएं।