आज से खुलेगा ध्यानचंद स्टेडियम
झांसी। संक्रमण की रफ्तार कम होते ही सरकार द्वारा कोविड नियमों के पालन के तहत सोमवार से मेजर ध्यानचंद स्टेडियम को खोलने की अनुमति दे दी है। आज से स्टेडियम में खेल गतिविधियों को शुरू किया जाएगा।
कोरोना संक्रमण के मरीजों में इजाफा होते ही प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू लगाया गया था। साथ ही सभी खेल गतिविधियों पर पाबंदी लगाते हुए 28 अप्रैल को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम को भी बंद कर तालाबंदी कर दी गई थी। लगभग दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद कोरोना के मामलों में कमी आती जा रही है। जिसके बाद सरकार ने कई पाबंदियाें को हटा दिया था। इसी क्रम में स्टेडियम में खेल गतिविधियों को संचालित करने की अनुमति मिल गई है। सरकार द्वारा आदेश जारी होते ही शहर भर के खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने बताया कि आदेश मिलते ही स्टेडियम में सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करा दिया गया है। कोविड नियमों के तहत ही खिलाड़ियों को स्टेडियम में अभ्यास करने की अनुमति को प्रदान किया जाएगा।
18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रवेश
शुरूआती दौर में स्टेडियम के भीतर 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। स्टेडियम में दाखिल होने से पहले कोविड वैक्सीन की दोनों डोज का प्रमाणपत्र दिखाना अनिवार्य होगा।