अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भाभी को परीक्षा दिलाने ले जा रहे युवक की तेज रफ्तार बाइक बबीना में भेल के पास डिवाइडर से जा भिड़ीं। हादसे में भाभी की मौके पर मौत हो गई जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज से ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया गया।
ललितपुर के करमई गांव निवासी रजनी (30) अपने देवर रामजीवन (28) पुत्र बसंती लाल के साथ शनिवार को प्रतियोगी परीक्षा देने बाइक से झांसी जा रही थी। परिजन ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वह लोग बबीना के बीएचईएल गेट के पास पहुंचे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दोनों सिर के बल सड़क पर जा गिरे।
रजनी के सिर में गहरी चोट आ गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने रजनी को मृत घोषित कर दिया जबकि रामजीवन की हालत नाजुक होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। रजनी की दो साल पहले ही शादी हुई थी। इन दिनों वह बीटीसी कोर्स कर रही थी। पति गजराज महरौनी के एक सहकारी बैंक में संविदा कर्मी है।