झांसी। पुलिस से मिल कर रसूख वाले मजबूर लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। एक धनाढ्य व्यक्ति ने तो निर्दोष को जेल जाने के लिए सदर थाने भी भेज दिया। पुलिस भी उसे जेल भेज देती, लेकिन एसएसपी द्वारा किए गए निरीक्षण में यह षड्यंत्र उजागर हो गया। इस पर एसएसपी ने थानेदार को जमकर लताड़ा। साथ ही दोषियों को जेल भेजने के निर्देश दिए।
तीन दिन पूर्व एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे देर रात सदर बाजार थाने का निरीक्षण करने पहुंच गए। थाना कार्यालय में उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति कंबल में लिपटा सो रहा है। कार्यालय में पूछने पर उन्हें बताया गया कि एक्सीडेंट के मामले में इसे गिरफ्तार किया गया है।
लिखा पढ़ी करके सुबह कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया जाएगा। बातों में झोल दिखने पर उन्होंने सोते व्यक्ति को जगाया। पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसे नहीं पता कि उसका दोष क्या है? उसे तो मालिक ने सदर बाजार थाने जाकर गिरफ्तारी देने के लिए कहा है, इस कारण वह थाने आ गया है।
पूछताछ करने पर एसएसपी को बताया गया कि जिस ट्रक से एक्सीडेंट हुआ है, उसके चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। इसी कारण इसे ड्राइवर बनाकर भेजा गया है। यह सुनकर एसएसपी की भृकुटी तन गई। उन्होंने थानेदार को जमकर लताड़ लगाई और सुबह होने तक उक्त व्यक्ति को छोड़ने और दोषियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए।
इस संबंध में थानेदार ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर निर्दोष को छोड़ दिया गया है। मुकदमे के आरोपी ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ट्रक मालिक दोषी होगा तो उसकी गिरफ्तारी होगी।