केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सपा- कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह गठजोड़ लुटेरों व भ्रष्टाचारियों का है। एक ने पूरे भारत को लूटा तो दूसरे ने उप्र को लूटा है। इन दोनों को जैसे ही पता चला कि भाजपा की सरकार बनने पर उनके ऊपर कार्यवाही होगी तो वह आपस में मिल गए। जो कभी एक दूसरे को हराने की बात करते थे, आज वह यूपी को ये साथ पसंद है नारे के साथ सभाएं कर रहे हैं। अनुप्रिया पटेल राजीव गांधी विद्यालय में भाजपा प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य के समर्थन में सभा को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहते फिर रहे कि उन्हें नोटबंदी पर बोलने नहीं दिया जा रहा है बोलेंगे तो भूकंप आ जाएगा। आप लोग भाजपा के पक्ष में वोट करें तो उन्हें पता चलेगा कि वोटरों के मतदान करने से भूकंप आ गया। उन्होंने कहा कि बसपा शासन में कितने घोटाले हुए यह सभी लोग जानते हैं। एनएचआरएम घोटाला बसपा शासन में ही हुआ। उन्होंने सवाल किया कि आप लोग बतायें कि स्वच्छ, ईमानदार व दंगे फसाद न कराने वाली सरकार चाहिये या फिर भ्रष्टाचार, दंगा, हत्या लूट कराने वाली। भाजपा को केन्द्र में सरकार बनाए तीन साल हो गए कोई आरोप नहीं लगा।
सभा की अध्यक्षता हरगोविंद कुशवाहा ने की। विशिष्ट अतिथि टीकाराम पटेल रहे। सभा को बिहारी लाल आर्य, हरगोविंद कुशवाहा, टीकाराम पटेल, मीरा विष्णु राय, भारती आर्य, लक्ष्मीनारायण समेले, सरोज दुबे, विजय निंरजन, आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता दिनेश परिहार, रविन्द्र दीक्षित, विक्की सोनी, प्रमोद सविता, डालचन्द कुशवाहा, दिनेश सेंगर, वेदप्रकाश चौबे, रिंकू दीक्षत, हरेन्द्र सोनी, रजनीश, भानू व्यास, संजय दुबे, रुद्रप्रताप सिंह, आशीष राय, बी के उपाध्याय, जयनारायण शर्मा, रिंकू जैन, अशोक सोनी समेत कई भाजपा व अपना दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
तीन घंटे देरी से आईं
मुख्य अतिथि अनुप्रिया पटेल तय समय से तीन घंटे की देरी से पहुची। इसके बाद भी क्षेत्रों से आये हजारों कार्यकर्ता व समर्थक उनको सुनने के लिये तेज धूप में बैठे रहे।
हैलीकाप्टर देख लगे नारे
जैसे ही उनका हैलीकाप्टर सभा स्थल पर पहुंचा उनके समर्थन में नारे लगने लगे। मंच पर पहुंचकर उन्होंने जनता का अभिवादन किया।