झांसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार यादव ने नगरीय स्वास्थ्य केंद्र सीपरी बाजार, राजघाट, नगरा, पुलिया नंबर नौ का औचक निरीक्षण किया। कमियां मिलने पर स्टाफ को चेतावनी दी और वेतन काटा।
सीपरी बाजार स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव कक्ष में उपकरणों की कमी और सफाई व्यवस्था ठीक न होने, स्टाफ नर्स के यूनिफॉर्म में नहीं होने, पिछले दो माह से प्रसव न होने पर नाराजगी जताई।
कमियों पर एलएचवी से स्पष्टीकरण तलब किया। दोपहर 12:45 पर सीएमओ राजघाट स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। कुछ प्रसूताओं के कार्ड पर एमसीटीएस नंबर नहीं चढ़ाने पर एएनएम ममता यादव को चेतावनी दी गई। सभी प्रसूताओं के कार्ड पर मोबाइल नंबर, एमसीटीएस नंबर, बैंक का खाता आदि लिखने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ नगरा स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति जांचने पहुंचे। यहां कमी मिलने पर एएनएम का स्पष्टीकरण तलब किया गया। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर वेतन काट दिया जाएगा। दोपहर डेढ़ बजे पुलिया नंबर नौ के निरीक्षण में सीएमओ प्रसव कक्ष की सफाई नहीं होने और प्रसव नहीं कराने पर स्टाफ नर्स राजकुमारी, एएनएम राखी यादव, मालती, लक्ष्मी कुशवाहा को चेतावनी देते हुए वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।