अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। हाईप्रोफाइल शादी से पहले ही वर-वधू पक्ष ने थाने जाकर एक दूसरे के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस ने दहेज मांगने पर दूल्हा समेत उनके मां-बाप एवं बंधक बनाकर गाली गलौज व मारपीट करने के आरोप में दुल्हन के परिजनों समेत छह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
छतरपुर के कढ़ा की बगिया निवासी आकांक्षा जैन ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी सुभाषगंज निवासी साॅफ्टवेयर इंजीनियर आचरण जैन से तय हुई थी। शादी के दिन वर पक्ष ने 50 लाख रुपये दहेज की मांग कर दी। मायके वालों के इन्कार करने पर गाली गलौज करते हुए शादी से मना कर दिया। आकांक्षा की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हा आचरण समेत उसके पिता जितेंद्र, मां हर्षा जैन, भाई अरिहंत जैन, बहन रैनी एवं रेखा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं गाली-गलौज के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं, आचरण ने वधू पक्ष पर जानबूझकर शादी न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वधू फेरे के समय नहीं आई। वधू पक्ष ने उन लोगों को कमरे में बंधक बना लिया। उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। आचरण की तहरीर पर लाली जैन, प्रतीक जैन, अतिसय जैन, पदम कुमार जैन, अनीकांत जैन, नीतू समेत अन्य के खिलाफ बंधक बनाकर गाली-गलौज के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक दोनों पक्षों की एफआईआर दर्ज करके मामले की छानबीन कराई जा रही है।