झांसी। कइयों को शिकायत है कि उनकी पत्नी रात को जगाकर टिकटॉक के लिए वीडियो बनवाती है। कभी वीडियो के लिए बर्तन धुलवाती है तो कभी नाचने को कहती है। कुछ पति सोशल मीडिया पर पत्नी की लंबी होती फ्रेंड लिस्ट से भी परेशान हैं। आमतौर पर यह शिकायतें उन जोड़ों की हैं जिनकी शादी को तीन से चार साल का वक्त हुआ है। वन स्टॉप सेंटर पर पहुंच रहीं इस प्रकार की चौंकाने वाली शिकायतों से खुद केंद्र के प्रभारी और काउंसलर हैरान हैं। इन जोड़ों को समझाया जा रहा है। एक दूसरे की इच्छाओं को समझने और वक्त देने के लिए कहा जा रहा है।
केस वन:
महानगर के सीपरी बाजार इलाके का एक मामला वन स्टॉप सेंटर तक पहुंचा है। एक कंपनी में मैनेजर के पद पर तैनात युवक की शादी तीन साल पहले हुई थी। लेकिन अब टिकटॉक ने इनके रिश्तों में दरार डाल दी है। युवक का कहना है कि उसकी पत्नी हर वक्त टिकटॉक पर लगी रहती है। उसे भी वीडियो बनाने में शामिल कर लेती है। जब वह इंकार करता है तो इसी बात पर घर में झगड़ा शुरू हो जाता है। कई दफा समझाने की कोशिश की लेकिन वह सोशल मीडिया के इस प्लेटफार्म को छोड़ ही नहीं रही है
केस दो: शहर के एक इलाके में रहने वाला युवक जो मेडिकल कंपनी में सर्विस करता है उसकी शादी 2017 में हुई थी। युवक को शिकायत है कि उसकी पत्नी सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताती है। जब देखो फोन पर लगी रहती है। वह उसे वक्त ही नहीं देती। सोशल मीडिया पर उसकी फ्रेंड लिस्ट भी बहुत लंबी है। कभी कभी उसके दोस्त भी इस बात को लेकर उस पर कमेंट्स करते रहते हैं। मैने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा।
केस तीन: एक महिला को शिकायत है कि उसके पति शाम को घर आने के बाद देर रात तक मोबाइल पर लगा रहता है। कभी फेसबुक पर चैटिंग चलती है तो कभी व्हाट्सएस पर। उनके पास कभी मेरे लिए वक्त नहीं होता। मोबाइल पर भी किसी को देखने के लिए नहीं देते। हर वक्त मोबाइल को जेब में रखते हैं। जब वह पूछती है तो कह देते हैं कि कारोबार के लिए मोबाइल पर हर वक्त अपडेट रहना पड़ता है। लोगों के मैसेज आते रहते हैं।
मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल से कहीं न कहीं लोगों पर एक दूसरे के लिए समय कम हो रहा है। इससे रिश्तों में दरार आ रही है। उनके पास भी इस तरह के ही मामले आ रहे हैं। जब तक लोग एक दूसरे के लिए समय नहीं निकालेंगे एक दूसरे को समझेंगे कैसे। इस प्रकार के मामलों में लोगों की काउंसलिंग की जाती है। एकदूसरे के प्रति पैदा हुई वैमनस्यता को दूर किया जाता है।
- अमृता तिवारी, केंद्र अध्यक्ष - वन स्टॉप सेंटर