नगर निगम में मंगलवार को नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले कामों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रुके पड़े प्रोजेक्ट की रफ्तार बढ़ाई जाए। प्रस्तावित कार्यों के टेंडर होने के बाद वर्क ऑर्डर जारी करने में तेजी लाई जाए। इस दौरान उन्होंने नए प्रोजेक्ट बनाने से पहले पुराने प्रोजेक्ट को पूरा करने पर जोर दिया। स्मार्ट सिटी के तहत नगर निगम में प्रक्रिया धीमी चल रही है। इसे लेकर कमिश्नर भी नाराजगी जता चुके हैं। मंगलवार को नगर आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट स्थापित किए जाने की प्रक्रिया को शुरू करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू हो चुकी है। इसलिए जल्द ही सरकारी भवनों में प्लांट स्थापित किए जाएं। नगर आयुक्त ने स्कूलों में लग रहे सोलर प्लांट की प्रगति की जानकारी ली। वाटर एटीएम लगाने को लेकर कहा कि टेंडर प्रक्रिया को जल्द पूरा कराकर काम शुरू कराया जाए। कमांड कंट्रोल सेंटर के लिए भी कार्यदायी संस्था से बात कर स्थापना कार्य को शुरू कराएं। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, नोडल अधिकारी अमित शर्मा समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।