झांसी। ऑनलाइन खरीदारी के इस दौर में अपने को उपेक्षित सा महसूस रहे छोटे उद्यमियों को प्रदेश सरकार ने व्यापार का बड़ा प्लेटफार्म दिया है। सरकार द्वारा एमएसएमई पोर्टल शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमी अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री कर सकेेंगे।
छोटे घरेलू उत्पाद हों या बड़े इलेक्ट्रानिक्स आइटम, अब सब कुछ ऑनलाइन उपलब्ध है। ऑनलाइन के लगातार बढ़ते बाजार से छोटे उद्यमियों के लिए बाजार में अपने उत्पादों को बेचना आसान नहीं रह गया है। जबकि, ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनियों में छोटे उद्यमियों को कम ही जगह मिल पाती है।
यह कंपनियां बड़े उद्यमियों से अनुबंध कर प्रोडक्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराती हैं। लेकिन, अब सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यमी भी ऑनलाइन अपने उत्पाद की बिक्री कर सकेंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार ने एमएसएमई पोर्टल लांच किया है।
उद्योग विभाग के उपायुक्त रविकांत शुक्ला ने बताया कि उद्यमियों के उत्पादों का पोर्टल पर नि:शुल्क प्रदर्शन किया जाएगा। आर्डर सीधे उनके पास आएंगे। ग्राहक को उत्पाद उन्हें उपलब्ध कराना होगा। पोर्टल से जुड़ने के लिए उद्यमी का उद्योग विभाग में पंजीकरण होना जरूरी है।
पोर्टल से सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग के साथ-साथ सेवा क्षेत्र की इकाइयां भी जुड़ सकती हैं। जिले में ऐसी लगभग दस हजार इकाइयां हैं।