महिला ने उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज झांसी में दम तोड़ दिया।
- फोटो : ???? ????
बहन की मौत से दुखी महिला ने खाया जहर, मौत
झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के महेंद्रपुरी कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने बहन की मौत से दुखी होकर जहर खा लिया। पति उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
महेंद्रपुरी कॉलोनी निवासी मुकेश गुप्ता की जीवनशाह तिराहा के पास एसी पार्ट्स की दुकान है। बुधवार सुबह वह दुकान पर काम कर रहे थे। घर पर उनकी पत्नी रंजना (30) और दस साल का बेटा रितिक मौजूद थे। इसी बीच रंजना ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ती देख बेटा सहम गया। बेटे से सूचना मिलते ही मुकेश मौके पर पहुंचे। आनन-फानन उपचार के लिए एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोपहर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रंजना अपनी बहन की मौत के बाद से दुखी थी। करीब तीन साल पहले झोकन बाग में रहने वाली उनकी बहन पुनीता ने जहर खा लिया था। उसकी मौत के बाद से रंजना डिप्रेशन में चल रही थी। पति के मुताबिक इसी वजह से बुधवार को रंजना ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मेडिकल कॉलेज पहुंची पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।