झांसी। रविवार दोपहर पांच हजार रुपये को लेकर भाई-बहन के बीच इलाइट चौराहे पर जमकर विवाद हुआ। गुस्साई बहन ने भाई की लात-घूसों से जमकर पिटाई की। कुछ देर बाद उनके पिता भी वहां पहुंच गए। किसी तरह परिवार के लोगों ने बीच-बचाव किया। मारपीट में भाई को चोट आ गई। मारपीट होती देख तमाशबीनों की भी खासी भीड़ जमा हो गई।
सीपरी बाजार के कांशीराम कॉलोनी निवासी युवती ने बताया कि प्राइवेट काम करके उसने पैसे जमा किए हैं। घर में भाई, उसकी पत्नी एवं पिता भी रहते हैं। युवती का आरोप है कि उसने कई दिन की मेहनत के बाद घर में पांच हजार रुपये जमा किए थे, लेकिन शनिवार को भाई ने पैसे चुराकर अपनी पत्नी को दे दिए। इसके बाद घर से भाग निकला। इलाइट चौराहे पर उसने भाई को पकड़ लिया। भाई उससे माफी मांगने लगा। गुस्साई बहन ने उसकी लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर डाली। परिजनों के बीच-बचाव करने पर सभी वहां से चले गए। ब्यूरो