झांसी। कोतवाली थाना इलाके की युवती को घर में घुसकर एक सिरफिरे आशिक ने एसिड अटैक की धमकी दी। युवक ने बेखौफ अंदाज में युवती को धमकी देते हुए कहा कि अगर तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसका विवाह उसकी मर्जी से परिजनों ने तय किया है। दो माह बाद उसकी शादी होने वाली है। युवती ने आरोप लगाया कि खुशीपुरा निवासी युवक चंदन वर्मा उसे काफी समय से परेशान करता आ रहा है। यहां तक कि वो उसके ससुरालियों को भी धमका चुका है। युवती ने बताया कि बृहस्पतिवार को युवक उसके घर में घुस आया। उसने परिजनों को धमकाते हुए कहा कि शादी होगी तो मुझ से होगी, अगर कहीं और शादी की तो सबको बर्बाद कर दूंगा। इस दौरान युवती को उसने एसिड अटैक भी धमकी दी। इस दरम्यान क्षेत्र के काफी लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने युवक को पकड़कर उसकी जमकर खबर ली और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।