झांसी। बृहस्पतिवार को एक बार फिर आयकर विभाग की दो टीमें झांसी पहुंची। यहां टीमों ने एक बिल्डर तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट के बैंक लॉकर खंगाले। इसके अलावा अन्य बिल्डरों से जुड़े मामलों की भी पड़ताल की। इससे रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
आयकर विभाग के सौ से अधिक अफसरों की अलग-अलग टीमों ने तीन अगस्त को घनाराम ग्रुप व उससे जुड़े बिल्डरों के 32 ठिकानों पर छापामारी की थी। इस दौरान एक टीम जानकीपुरम निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट दिनेश सेठी के घर भी पहुंची थी। लेकिन, उनके घर पर कोई नहीं मिला था। पता चला था कि सीए गुरुग्राम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। चार दिनों तक इंतजार करने के बाद आयकर की टीम उनके घर के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हो गईं थी। सीए के घर से दस्तावेज व तिजोरी को आईटी टीम अपने साथ ले गई थी। इसके बाद घर पर सील जड़ दी गई थी। सेहत में सुधार होने के बाद सीए झांसी पहुंच गए हैं। आयकर विभाग की स्वीकृति के बाद उनके घर पर लगी सील खोल दी गई है।
इसके बाद बृहस्पतिवार को आयकर विभाग की दो टीमें कानपुर से झांसी आईं। दोनों टीमें बिल्डर विजय सरावगी व सीए दिनेश सेठी के साथ इंडियन बैंक (इलाहाबाद बैंक) की मुख्य शाखा में पहुंची। यहां तकरीबन दो घंटे तक दोनों के लॉकरों की पड़ताल की जाती रही। इसके अलावा टीमों ने छापेमारी के दौरान अन्य बिल्डरों के यहां से मिले दस्तावेजों से जुड़े तथ्यों की जांच की। आयकर टीमों की दुबारा झांसी में मौजूदगी से कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।