झांसी। सीपरी ओवरब्रिज पर गार्डर रखने का काम दिल्ली से दो बड़ी क्रेन न आने के कारण वक्त पर शुरू नहीं हो सका है। जबकि अन्य सभी तैयारियां पूरी हैं। क्रेनों के अगले हफ्ते तक आने की उम्मीद है।
सीपरी ओवरब्रिज का काम पिछले डेढ़ साल से गार्डर न आने के कारण बंद चल रहा था। मगर अब गार्डर रखने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। गार्डर तैयार हैं उनको चढ़ाने में मदद करने वाला फाउंडेशन बन चुका है। काम शुरू करने के लिए रेल संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति मिल गई है। गार्डर रखते वक्त यातायात किस वक्त रोका जाएगा? इसका चार्ट भी तैयार है। लेकिन दिल्ली से दो बड़ी क्रेन न आने के कारण काम लटक गया है। क्रेनों की मदद से ही गार्डरों को एक तरफ से दूसरी तरफ रखा जा सकेगा। रेलवे ने एक अक्तूबर से गार्डरों को रखने की योजना तैयार की थी, लेकिन इस योजना पर ब्रेक लग गया। निर्माण शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि क्रेन के आते ही गार्डर रखने का काम शुरू कर दिया जाएगा। हर हाल में दिसंबर तक ओवरब्रिज का निर्माण पूरा करना है। इधर, सीपरी बाजार क्षेत्र के लोग ओवरब्रिज का निर्माण पूरे होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ओवरब्रिज का निर्माण पूरा न होने के कारण यहां के व्यापारी व मार्ग से गुजरने वाले लोग बेहद परेशान रहते हैं।