झांसी। सीपरी बाजार ओवरब्रिज निर्माण में लगने वाले गार्डर कंपनी ने तैयार कर लिए है। यह गार्डर मार्च के शुरूआत में झांसी आते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। आरडीएसओ (अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन) ने गार्डर में जो कमियां निकालीं थीं, उनको भी दूर कर लिया गया है।
सीपरी बाजार ओवरब्रिज के अधूरे काम को पूरा करने के लिए नया टेंडर गैलविनो कंपनी को दिया गया है। कंपनी को अधूरा काम 10.50 करोड़ रुपये में पूरा करना है। कंपनी खुद अपने कारखाने में बचे दस गार्डर बना रही है। आरडीएसओ की टीम ने कारखाने में निरीक्षण के दौरान गार्डन में कुछ कमियां बताईं थीं, उनको भी दूर कर लिया गया है। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी ने अधिकारियों ने मार्च में काम शुरू करने के लिए कहा है। जून तक काम पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
प्रदेश सरकार ने 2012 में ओवरब्रिज निर्माण को स्वीकृति दी थी। राज्य सेतु निगम अपने हिस्से का काम 2016 में पूरा कर चुका है, जबकि रेलवे अपने हिस्से का काम पिछले साढ़े तीन साल से कर रहा है। शुरुआत में रेलवे ने दिल्ली की मैक्स आउट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को ठेका दे रखा था। कंपनी को 22 करोड़ के काम को दो साल में पूरा करके देना था। मगर, कंपनी पौने तीन साल में अपने हिस्से का 55 फीसदी ही काम पूरा कर सकी थी।
ये भी जानिए
सीपरी बाजार ओवरब्रिज का पिछले सवा साल से गार्डर न मिलने के कारण काम लटका है। पिछली कंपनी बार-बार कहती रही कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड से लोहा न मिलने के कारण गार्डर नहीं बन पा रहे हैं। यहां के लिए उत्तराखंड के काशीपुर से गार्डर बनकर आने हैं। वहीं, तीसरी रेल लाइन के बीच आ रहे पुलों के लिए गार्डर बराबर मिल रहे हैं। इस पर निर्माण शाखा के अफसरों को शंका होने पर कंपनी की कार्यप्रणाली की जांच करवाई थी। जांच में पता लगा कि कंपनी ने सेल में पैसा ही जमा नहीं किया, इससे गार्डर नहीं मिल पा रहे हैं। रेल प्रशासन को धोखे में रखने पर जुलाई में कंपनी का टेंडर निरस्त कर दिया गया था।
ये काम बाकी
अभी पटरियों के ऊपर 50 मीटर के छह और सीपरी बाजार टंकी की तरफ 36 मीटर के छह गार्डर रखने का काम बाकी रह गया है। गार्डर आने के बाद पहले सीपरी बाजार टंकी की तरफ 36 मीटर के छह गार्डर रखने का काम होना है। इसके बाद एक साथ 50 और 36 मीटरों के गार्डर के बीच शटरिंग लगाने, सरिया बांधने और सड़क बनाने का काम होगा। अभी चार 50 मीटर और छह गार्डर 36 मीटर के आने बाकी है।