मछली ठेकेदार की हत्या के बाद पड़ताल करती पुलिस।
- फोटो : REPORTERS
मऊरानीपुर/ झांसी। मंगलवार देर रात मऊरानीपुर के पास से निकली कुरैचा नदी में अवैध तरीके से मछली पकड़ने के विरोध में चली गोली लगने से घायल मछली ठेकेदार ने ग्वालियर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। मौत के बाद हरकत में आई पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश मेें दबिश दी। देर शाम पुलिस तलाश में जुटी रही। उधर, मऊरानीपुर में पुलिस की देखरेख में ठेकेदार का पोस्टमार्टम हुआ।
चित्रकूट के कर्वी निवासी सुखराम मऊरानीपुर की कुरैचा नदी में मछली पकड़ने का ठेके लिए थे। वे मऊरानीपुर में ही किराए के मकान से रहते थे। मंगलवार रात वह कमरे पर खाना खा रहे थे। तभी नदी में अवैध तरीके से मछली पकड़ने की सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे थे। यहां अवैध तरीके से मछली पकड़ने का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने तमंचे से मुंह पर गोली मार दी थी। गोली मारकर हमलावर भाग निकले थे। गोली चलने की आवाज सुनकर ठेकेदार के साथी मौके पर पहुंचे थे। मऊरानीपुर पुलिस ने उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा था। हालत नाजुक देखते हुए सुखराम को ग्वालियर रेफर कर दिया था। बुधवार सुबह उपचार के दौरान सुखराम ने दम तोड़ दिया। दोपहर में सुखराम का शव एंबुलेंस से मऊरानीपुर लाया गया। जहां पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम हुआ। खबर पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों में शव देखकर कोहराम मच गया। एसपी देहात राहुल मिठास घटना वाली रात में ही मऊरानीपुर पहुंच गए थे। उनके निर्देश पर कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।