अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार को सीपरी बाजार थाना इलाके के ग्राम बूढ़ा में सिगरेट और गुटखा उधार न देने पर एक दुकानदार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस वारदात को अंजाम दुकान के पास ही रहने वाले एक युवक ने दिया है। देर रात तक पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
मेहंदी बाग नई बस्ती रोड निवासी नरेश कुशवाहा (50) बालाजी रोड पर ग्राम बूढ़ा में पुल के पास दुकान खोले हुए थे। दुकान के आगे उन्होंने एक ठेला लगा रखा था, जिस पर वह गुटखा, सिगरेट, पानी की बोतल आदि सामग्री बेचते थे। बेटे अमन कुशवाहा ने बताया कि दुकान के सामने रहने वाला लक्ष्मीनारायण का बेटा मोहित पाल उनकी दुकान से आए दिन सिगरेट, गुटखा उधार ले जाता था। पैसा मांगने पर वह झगड़ा करने लगता था। साथ ही वह उनसे रंजिश भी मानने लगा था। सोमवार की दोपहर तकरीबन एक बजे मोहित दुकान पर आया और सिगरेट और गुटखा उधार मांगने लगा। उधार देने से मना करने पर मोहित ने नरेश को गालियां देते हुए काम तमाम करने की धमकी दी। इसके बाद वह घर से लाइसेंसी राइफल ले आया और उसने नरेश पर एक के बाद एक दो फायर किए, जिससे नरेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर गया और वहां से बाइक उठाकर मय राइफल के फरार हो गया। जबकि, गंभीर रूप से घायल नरेश को आनन-फानन इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी होने पर एसएसपी राजेश एस, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी राजेश कुमार राय कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठा किए। मौके से 315 बोर के कारतूस के दो खोखे बरामद हुए। स्वाट टीम और चार अन्य टीमें आरोपी की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।
सीपरी बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
000000
मृतक के घर में मचा कोहराम
मृतक नरेश कुशवाहा के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे पवन, अमन व बेटी रश्मि है। बेटे एक कंपनी में जॉब करते हैं, जबकि बेटी ब्यूटी पार्लर का काम करती है। नरेश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और वह भाई देवेंद्र व दिनेश के साथ एक ही घर में रहता था। सोमवार की शाम छोटे भाई देवेंद्र के साले की लड़की की शादी थी, जिसमें शामिल होने की परिवार के सभी सदस्य तैयारी कर रहे थे। लेकिन, इसी बीच यह घटना हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
000000
पहले करता था वेल्डिंग
मृतक नरेश कुशवाहा चार साल पहले तक वेल्डिंग का काम करता था। लेकिन, आंखें कमजोर होने की वजह से उसने वेल्डिंग का काम छोड़ दिया था और बूढ़ा में दुकान खोल ली थी। पहले वह आरोपी के एक रिश्तेदार की दुकान किराये पर लिए था, जो दो साल पहले उससे खाली करा ली गई थी। तब दुकान खाली कराने को लेकर उसका विवाद भी हुआ था। इसके बाद उसने मुरारी पाल के मकान में बनी एक दुकान किराये पर ले ली थी। वह घर से दुकान के लिए रोजाना सुबह नौ बजे निकलता था और रात साढ़े नौ बजे वापस लौटता था। सोमवार को भी वह तय समय पर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौट पाया।