एनकाउंटर में मारा गया माफिया पुष्पेंद्र
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस मुठभेड़ में पुष्पेंद्र यादव की मौत के बाद से करगुवां खुर्द गांव में सियासीदलों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। अब तक राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अलावा अन्य नेता भी पहुंच चुके हैं। वहीं प्रसपा अध्यक्ष शिवपल यादव के बेटे आदित्य यादव ने भी मंगलवार देर रात झांसी जाकर पुष्पेंद्र के परिजनों से मुलाकत की।
उन्होंने पुष्पेंद्र यादव की पत्नी को न्यान दिलाने का भरोसा दिया। आदित्य ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह एनकाउंटर नहीं हत्या है। घूसखोरी को छिपाने के लिए पुलिस ने एक बेगुनाह को मार डाला।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार दोपहर एनकाउंटर में मारे गए पुष्पेंद्र यादव के परिजनों से मुलाकात करने झांसी स्थित करगुआ खुर्द गांव पहुंचे। पुष्पेंद्र के आवास पर पहुंच कर अखिलेश ने उसके परिजनों से मुलाकात की और ढाढस बंधाया।
इस दौरान घर के अंदर और बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती रही। अखिलेश के पहुंचते ही वहां मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाकर पुष्पेंद्र के हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की। पुलिस ने गुस्साए ग्रामीणों को बैरिकेडिंग लगा कर स्थिति को काबू में किया। आज रात सर्किट हाउस में रुकने बाद अखिलेश गुरुवार सुबह वापस लौटेंगे।
गौरतलब है कि शनिवार रात दुस्साहसिक तरीके से मोंठ थाने के इंस्पेक्टर पर हमला करने के बाद कार लूटकर भागने वाले पुष्पेंद्र यादव को गुरसराय थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया था।