झांसी। शादी का झांसा देकर एक व्यक्ति विवाहिता संग कई वर्षों तक दुष्कर्म करता रहा। महिला के विवाह करने का दबाव बनाने पर आरोपी ने पीड़िता संग मारपीट करते हुए उसे जान से मार डालने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। नवाबाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार भी कर लिया है।
झोकनबाग निवासी पीड़िता (36) ने पुलिस को बताया कि वह किराए के मकान में सिविल लाइंस मेें रहती थी। वर्ष 2015 में मकान को लेकर चल रहे मुकदमेबाजी के दौरान कचहरी में टाइपिंग का काम करने वाले राकेश मौर्या (43) निवासी सदर बाजार से उसकी मुलाकात हो गई। मुकदमे की वजह से वह काफी परेशान थी। राकेश ने सहानुभूति जताते हुए मदद का भरोसा दिलाया। राकेश ने उसे तलाक लेने के लिए भी उकसाया। मानसिक तौर पर परेशान होने से वह उसकी बातों में आ गई। पति को छोड़कर राकेश के दिलाए कमरे में आकर रहने लगी। आरोपी रोजाना नशे की हालत में उसके संग दुष्कर्म करता रहा। विवाह का वायदा किया था लेकिन, उसके लिए भी राजी नहीं हो रहा था।
पिछले माह उसके दबाव बनाने पर आरोपी ने मारपीट की। कुछ दिन पहले नशे की हालत में राकेश फिर उसके घर पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस दौरान पीड़िता के साथ मारपीट करते हुए उसे जान से मार डालने के लिए धमकाया। शादी दुबारा करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। आरोपी की हरकत से पीड़िता सहम उठी। बुधवार को नवाबाद थाने पहुंचकर उसने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। इंस्पेक्टर नवाबाद ईश्वर सिंह के मुताबिक आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। लिखा-पढ़ी की कार्रवाई पूरी करके आरोपी को जेल भेज दिया जाएगा।