अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी में सात और स्कूल बिना मान्यता के चलते मिले हैं। बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारी ने इन सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को तत्काल विद्यालय बंद करने का नोटिस दिया है। नजदीकी स्कूल में बच्चों का प्रवेश कराकर शपथपत्र देने के निर्देश दिए हैं।
गुमनावारा का माई छोटा स्कूल का खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र ने 14 जुलाई को निरीक्षण किया था। यह स्कूल बिना मान्यता प्राप्त संचालित होता मिला। यहां नर्सरी से कक्षा पांच तक 80 छात्र-छात्राएं नामांकित मिले। वहीं, अयोध्यापुरी का एमएल कॉन्वेंट स्कूल, पीताम्बरा नगर स्थित स्मृति एकेडमी, चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल और जेआरजेके एकेडमी, महेंद्रपुरी कॉलोनी स्थित लंदन किड्स, ग्वालियर रोड स्थित बैनयन ट्री पब्लिक स्कूल भी बिना मान्यता संचालित हो रहा है। बीएसए ने बताया कि इन सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को नोटिस दिया गया है। बीएसए ने बताया कि बिना मान्यता या मान्यता वापस लेने के बाद विद्यालय संचालित करने पर एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।