संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि. के प्रबंध निदेशक नीतिश कुमार बृहस्पतिवार को निदेशक वाणिज्यिक अजय अग्रवाल के साथ झांसी पहुंचे। विकास भवन में एमडी ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए सुझाव मांगे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय अफसरों को कठघरे में खड़ा कर दिया। लापरवाही की झड़ियां लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई कि बिजली अफसर जनप्रतिनिधियों तक के फोन नहीं उठाते हैं। इस पर एमडी ने अफसरों पर नाराजगी जताई। कहा कि सात दिन में सुधार न किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डायरेक्टर कॉमर्शियल अजय अग्रवाल सुबह ही झांसी पहुंच गए। यहां विद्युत वितरण खंड द्वितीय के कार्यालय में राजस्व वसूली की समीक्षा की। इसमें राजस्व की स्थिति खराब पाए जाने पर अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने पाया कि कई बिजलीघर है, जहां टर्नअप 10 प्रतिशत से नीचे हैं, इस पर कड़ी नाराजगी प्रकट की। उन्होंने इसे 30 प्रतिशत से ऊपर लाने को कहा। एक माह में सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई की भी चेतावनी दी। उन्होंने एक लाख से अधिक बकायेदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने मुन्नालाल पावर हाउस का निरीक्षण कर बिजली सिस्टम को परखा। यहां विद्युत सप्लाई, राजस्व वसूली व शिकायत रजिस्टर के साथ यार्ड में स्थापित ट्रांसफामरों की स्थिति देखी। यार्ड में पेड़ की टहनियां होने पर नाराजगी जताई। यहां सिस्टम में सुधार के लिए 7 दिन का समय दिया। कहा कि शहर के एक-एक पोल का सर्वे कर नंबरिंग की जाए और कहीं कोई कमी है तो सुधार करते हुए रिपोर्ट प्रेषित करें। लापरवाही पर कार्रवाई होगी। इसके बाद विकास भवन में प्रबंध निदेशक नीतिश कुमार ने पूरे सिस्टम को परखा और राजस्व वसूली को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
यह रहे मौजूद -
मुख्य अभियंता विद्युत पारेषण सत्येंद्र कुमार, मुख्य अभियंता विद्युत वितरण एपी खान, अधीक्षण अभियंता नगरीय विद्युत चंद्रजीत प्रसाद, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण विद्युत एनुल होदा सहित अधिशासी अभियंता, उप खंड अधिकारी, जेई मौजूद रहे।