बड़ागांव। झांसी-कानपुर हाईवे पर ग्राम बराटा मौजू के जरकटा मंदिर के पास सात गोवंश मरे पड़े मिले। इसकी जानकारी होने पर काफी लोगों की भीड़ लग गई। इतनी संख्या में गोवंश मरे मिलने पर लोग आक्रोश जताने लगे। मौके पर पहुंचे अफसरों ने भी इसकी जानकारी ली। इसके बाद उनका पोस्टमार्टम कर दफना दिया गया। सात गोवंश मृत पड़े होने की जानकारी पर जिला विकास अधिकारी उग्रसेन यादव, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ व बड़ागांव थानाध्यक्ष सुधीर पवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने चिरगांव पशु चिकित्सक डॉ. आशीष गुप्ता व बड़ागांव पशु चिकित्सक डॉ. अवधेश निरंजन को मौके पर बुलाकर पोस्टमार्टम कराया। चार गोवंश के कंकाल 15 दिन पुराने थे। तीन गोवंश के दिन पुराने थे। इनकी मौत फूड प्वाइजनिंग से होने की आशंका जताई गई है।