संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महरौनी के सिंदवाहा निवासी सात बच्चों के गायब होने के बाद पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा सभी बच्चों को चौबीस घंटे के भीतर ललितपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है और उन्हें परिजनों को सौंप दिया। सिंदवाहा निवासी देशराज ने कोतवाली महरौनी पुलिस को सूचना दी कि उसका बेटा प्रताप के साथ गांव के तिलक (12), विक्की, कमलेश (12), अभिषेक (11), अर्जुन बुनकर (12), संजय (12), को गांव का ही राघवेंद्र (12) अपने साथ मैच खेलने के लिए शाम करीब चार बजे ले गया था। लेकिन, देर शाम तक घर नहीं पहुंचे।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों की बरामदगी के लिए ऑपरेशन मुस्कान के तहत टीमों का गठन किया। शनिवार सुबह आठ बजे टीमें ललितपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गईं, जहां सभी बच्चों को बरामद कर लिया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वह उज्जैन महाकाल जा रहे थे। बच्चों को बरामद करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक महरौनी विनोद मिश्रा, उपनिरीक्षक मनोज सिंह, साबिर अली, गंभीर सिंह, राघवेंद्र सिंह, दिलीप कुमार शामिल रहे।