झांसी। रैपिड लाइन (सारस बस सेवा) के तहत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) झांसी परिक्षेत्र में आकर्षक रंग की सात बसें दौड़ाएगा, जिनके मई के प्रथम सप्ताह से संचालित होने की संभावना है। इनमें से चार बसें झांसी से और तीन बसें उरई बस स्टैंड से चलेंगी।
उल्लेखनीय है कि झांसी परिक्षेत्र में प्रदेश के अन्य परिक्षेत्रों की तरह रैपिड लाइन बसें चलाने की योजना अंतिम रूप में है। रोडवेज द्वारा पवन गोल्ड बस सेवा की तर्ज पर यह बसें चलाई जाएंगी, जो तय समय पर बस अड्डे से रवाना होकर निर्धारित समय पर अंतिम स्टेशन पर पहुंचेगी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक रैपिड लाइन के अंतर्गत झांसी बस स्टैंड से चार एवं उरई (जालौन) से तीन बसें चलाई जाएंगी।
यह बसें रोडवेज के पास एवन कंडीशन में हाेंगी। मुख्यालय से गाइडलाइन जारी होने के बाद इन बसों को नए लुक में तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा। रैपिड लाइन सेवा को सूबे के मुख्यमंत्री अप्रैल के अंतिम सप्ताह में लखनऊ से हरी झंडी दिखाएंगे।