अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। जनपद में 25 दिसंबर से फिर शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं, 28 और 29 दिसंबर को हल्की बारिश हो सकती है। सर्द हवाएं न चलने से बृहस्पतिवार की तुलना में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।
पहाड़ी हवा की बेरुखी के चलते झांसी में पिछले तीन-चार दिनों से शीतलहर थमी हुई है। दिन में अच्छी धूप खिली रहती है। सूरज ढलने के बावजूद रात में कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम पारा 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि अब 25 दिसंबर से शीतलहर चल सकती है। वहीं, 28 और 29 दिसंबर को हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में फिर से कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।